
बेमेतरा जिले के आनंदगांव निवासी 24 वर्षीय मानसी यादव को प्रसव पीड़ा होने पर उपचार हेतु पहले जिला अस्पताल बेमेतरा में भर्ती कराया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल रेफर किया।
मरीज को GVK EMRI GHS की 108 संजीवनी एक्सप्रेस एंबुलेंस से रायपुर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान धरसीवां के पास प्रसव पीड़ा अचानक तेज हो गई। स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस चालक ने वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोका। तत्पश्चात ERCP के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया।
दिनांक 26 मई को शाम 8:17 बजे मानसी यादव ने एंबुलेंस में अपने प्रथम शिशु के रूप में एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। नवजात का वजन लगभग 3 किलोग्राम बताया गया है।
इस दौरान 108 एंबुलेंस में मौजूद EMT कलावती ने सूझबूझ, तत्परता एवं कुशलता का परिचय देते हुए सुरक्षित प्रसव कराया, वहीं पायलट नीलमणि ने पूरे समय वाहन संचालन एवं आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया।
प्रसव उपरांत जच्चा और बच्चा दोनों को सुरक्षित रूप से मेकाहारा अस्पताल रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां दोनों स्वस्थ हैं।
GVK EMRI GHS की 108 संजीवनी एक्सप्रेस सेवा एक बार फिर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी तत्परता एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण प्रस्तुत करती है।



